पुलिस की संयुक्त टीमों ने चलाया सत्यापन अभियान
रुड़की। सीओ के नेतृत्व में सिविल लाइंस, गंगनहर कोतवाली और कलियर पुलिस की संयुक्त टीमों ने कलियर में कई स्थानों पर किरायेदारों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को लेकर सत्यापन अभियान चलाया। डीजीपी के निर्देश पर गुरुवार को कलियर पहुंचे सीओ रुड़की विवेक कुमार के नेतृत्व में सिविल लाइंस इंस्पेक्टर देवेंद्र चौहान, गंगनहर इंस्पेक्टर प्रभारी एश्वर्य पाल, कलियर थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी पुलिस बल के साथ कलियर में होटल, गेस्ट हाउस, नई बस्ती, अब्दाल शाह बस्ती, मुकर्रबपुर, रुड़की रोड, धनौरी रोड, हज हाउस, टंकी चौक, झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे बाहरी लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों को लेकर सत्यापन अभियान चलाया। सीओ ने बताया डीजीपी के निर्देश पर कलियर में कई स्थानों और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स के साथ मिलकर सत्यापन अभियान चलाया गया है। जिन मकान स्वामियों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया हुआ है उन मकान स्वामियों से जुर्माना वसूल किया जा रहा है। बाहर से आकर कलियर में रहने वाले ठेली-रेहड़ी व अन्य झुग्गी झोपड़ियों वालों का भी सत्यापन किया जा रहा है। उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांचें की जा रही हैं। जिसने पास कोई दस्तावेज नहीं पाए जा रहे हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
