प्रेमी संग फरार युवती को रेलवे स्टेशन पर पकड़ा

रुड़की। घर से प्रेमी संग फरार युवती को उसके परिजनों ने रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। वह युवती को ले जाने लगे तो हंगामा हो गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। बाद में किसी भी पक्ष के तहरीर नहीं देने पर पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लक्सर कोतवाली के एक गांव निवासी युवती का गांव में रहने वाले दूसरी बिरादरी के युवक के साथ सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। युवक ने किसी तरह अपने परिवार के लोगों को तो दूसरी बिरादरी की युवती से शादी करने की बात पर राजी कर लिया लेकिन युवती के परिजन इसके लिए कतई तैयार नहीं हुए। तड़के युवती अपने परिवार के लोगों को सोता छोड़कर प्रेमी युवक के साथ लक्सर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। उसके घर से निकलते ही परिजनों को इसका पता चल गया। वे भी युवती को ढूंढते हुए लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे तो युवती और युवक वहां मौजूद मिले। जीआरपी से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस युवक-युवती को अपने साथ ले आई। एसएसआई मनोज सिरोला ने बताया कि युवक-युवती को उनके परिजनों के सुपुर्द कर घर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *