किसानों को संगठित होकर आवाज करनी होगी बुलंद : नरेश टिकैत
काशीपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने किसानों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को जाना। टिकैत ने एकता में बल होने की बात कहकर सभी को संगठित होकर आवाज बुलंद करने की बात कही। किसानों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंगलवार को भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा के फार्म हाउस पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष टिकैत का किसानों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जबरन थोपे जा रहे तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली के बॉर्डरों पर 13 माह तक धरना देकर आंदोलन करते रहे और इस ऐतिहासिक आंदोलन को कुचलने के लिए तमाम तरह के हथकंडे अपनाए गए, लेकिन संगठित किसानों के आगे सरकार की एक भी चाल कामयाब नहीं हो पाई । जिसका नतीजा यह रहा कि सरकार को अपने कदम वापस लेने पड़े। कहा कि प्रधानमंत्री व केंद्र की सरकार आंदोलनरत किसानों के प्रतिनिधिमंडल से किए गए वायदों को पूरा करे। इससे पूर्व उन्होंने किसानों से उनकी क्षेत्रीय समस्याओं को भी सुना। जिसमें बताया गया कि वर्तमान समय में गेहूं खरीद की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन सरकार की ओर से घोषित समर्थन मूल्य नाकाफी है। इससे किसानों को आमदनी होना तो दूर उनको लागत भी नहीं लौट रही। उन्होंने कहा कि सरकार कम से कम 500 रुपये प्रति कुंतल बोनस के रूप में किसानों को देने की घोषणा करे। यहां पर भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा, युवा विंग के ब्लॉक अध्यक्ष हरप्रीत सिंह निज्जर, गुरचरण सिंह पड्डा, प्रभशरण सिंह, सतवंत सिंह पड्डा, गगन सरना, सतनाम सिंह सहोता, विक्रम सिंह, हरजिंदर सिंह, बाबू उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
