अटरिया मेले में वसूली का आरोप, आक्रोश जताया
रुद्रपुर। अटरिया मंदिर के बाहर चल रहे मेले को लेकर भाजपा उत्तरी मंडल ने आक्रोश जताया है। आरोप है कि यहां पर सरकारी जमीन खाली पड़ी हुई है और लोग इसका किराया वसूल रहे हैं। इसके लिए उन्होंने नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा उत्तरी मंडल राधेश शर्मा ने बताया कि अटरिया मेला में सरकारी खाली पड़ी जमीन पर दुकानें, झूले और मौत का कुआं लगाकर व्यवसाइयों से अवैध रूप से धन वसूल की जा रही है। सरकारी जमीन को लोग अपना बताकर वसूली कर रहे हैं। इसको बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि मेले के बाहर लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। मेला कमेटी की जगह की हदबंदी कर दी जाए। ताकि लोगों को पता चल सके कि उनकी जमीन कितनी है और सरकारी जमीन कितनी है। मेला कमेटी की जगह की हदबंदी की जानी चाहिए एवं शेष जगह में स्थानीय नागरिकों को अन्य व्यवसाय करने देना चाहिए। इस मौके पर वीरेंद्र तिवारी, विधान पांडेय, मुरली यादव, अंकित दुबे आदि मौजूद रहे।
