तल्ली हल्द्वानी में पानी के लिए महिलाओं ने जेई का किया घेराव
हल्द्वानी। तल्ली हल्द्वानी क्षेत्र में पानी नहीं आने के विरोध में महिलाओं ने मौके पर पहुंचे लाइनमैन और जेई का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने को कहा। चेतावनी दी कि जब तक क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं की जाएगी, उन्हें बंधक बनाकर रखेंगे। बाद में एई के मौके पर पहुंचने और पूर्व निर्धारित समय के अनुसार क्षेत्र के पानी की सप्लाई के आश्वासन पर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। शहर के तल्ली हल्द्वानी क्षेत्र में लंबे समय से पानी का संकट बना हुआ है। क्षेत्र में आपूर्ति का समय बदले जाने के बाद से ही क्षेत्र में पानी की सप्लाई बाधित हो रही है। इससे आक्रोशित महिलाओं ने गुरुवार को नगर निगम के पार्षद मनोज जोशी की मौजूदगी में जेई व लाइनमैन का घेराव किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक क्षेत्र में पानी की सप्लाई सुचारू नहीं हो जाती तब तक वह जेई व लाइनमैन को जाने नहीं देंगी। इस दौरान उन्होंने एई को मौके पर बुलाने को कहा। इसके बाद जल संस्थान के एई प्रमोद पांडेय मौके पर पहुंचे तो महिलाओं ने उनका भी घेराव कर दिया।
