केदारनाथ हाईवे पर पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों से रहिए सावधान

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर पालिका कार्यालय से लोनिवि कार्यालय तक डेंजर जोन बना है। यहां लम्बे समय से पत्थरों के गिरने की घटनाएं हो रही है किंतु इसके ट्रीटमेंट के प्रति न तो प्रशासन सजग और न ही एनएच लोनिवि कोई सुरक्षा के इंतजाम कर रहा है। अब यात्रा भी शुरू होने को है ऐसे में यहां हर राहगीर और वाहन को सर्तक रहने की जरूरत है। रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार से संगम बाजार और लोनिवि कार्यालय तक खतरा ही खतरा है। पहाड़ी से कब पत्थरों की बरसात हो जाए कहना मुश्किल है। पूर्व में यहां तीन लोगों की मौत हो चुकी है जबकि बाइक और वाहनों पर पत्थर लगने की कई घटनाएं घट चुकी है। सर्दी हो या गर्मी, बरसात हो या फिर सामान्य मौसम यहां पहाड़ी के ऊपर एक ओर जानवरों की आवाजाही बनी रहती है तो वहीं कई जगह से पत्थरों से गिरने का सिलसिला निरंतर जारी रहता है। बुधवार को सुरंग से लोनिवि के बीच दिनभर रुक-रुककर पत्थरों की बरसात होती रही। जबकि यहां पैदल चलने वालों के साथ ही बाइक सवार और भारी वाहन चालकों को मुश्किल और जोखिमों के बीच आवाजाही करनी पड़ी। स्थानीय निवासी किशोरी नंदन डोभाल, जितार सिंह जगवाण, प्रदीप चौधरी, चन्द्रमोहन गुंसाई, यशवंत सिंह बिष्ट, अशोक चौधरी, बंटी जगवाण, प्रकाश बिष्ट आदि ने कहा कि इस डेंजर जोन का हर हाल में समाधान किया जाना चाहिए। यहां कब बड़ी दुर्घटना हो जाए कहा नहीं जा सकता है। पूर्व की घटनाओं से सबक लेते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग को जनहित में सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए। इधर, एनएच लोनिवि के एई अनिल बिष्ट ने बताया कि सुंरग के साथ ही रॉक वैरियर और ट्रीटमेंट के लिए भारत सरकार को एस्टीमेट भेजा गया है। स्वीकृत होते ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *