6 साल के बाद भी नहीं मिला प्रभावितों को मुआवजा
पौड़ी। कल्जीखाल ब्लाक में आधा दर्जन से अधिक गांवों के प्रभावितों को 6 साल से सड़क निर्माण का मुआवजा नहीं मिल पाया है। ग्रामीण पीएमजीएसवाई के विभागीय अधिकारियों से कई बार लिखित व मौखिक गुहार लगे चुके हैं। लेकिन ग्रामीणों की समस्या हल नहीं हो पा रही है। अब ग्रामीणों की समस्या के समाधान को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नितिन रावत ने अभियान शुरू किया है। उन्होंने एसडीएम पौड़ी से मामले के निस्तारण की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या के समाधान जल्द समाधान नहीं किए जाने पर जिला प्रशासन से लेकर शासन तक आवाज उठाई जाएगी। बावजूद इसके समाधान नहीं होता है, तो आंदोलन किया जाएगा। कल्जीखाल ब्लाक में पीएमजीएसवाई सतपुली, कोटद्वार खंड की ओर से 6 वर्ष पहले ढाढूखाल मोटर मार्ग का निर्माण किया गया। लेकिन विभाग ने मोटर मार्ग निर्माण से प्रभावित ग्रामीणों को आज तक मुआवजा नहीं दिया। जबकि ग्रामीण विभाग के उच्च अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके है। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नितिन रावत ने एसडीएम सदर आकाश जोशी से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्या के समाधान की मांग की। इस मौके पर प्रदेश महासचिव ने कहा कि कि ढाढूखाल मोटर मार्ग निर्माण से आसुई, नौगांव, गोरण, देवल, साकनी बड़ी, मैडा, भेटुली व कुंड आदि गांवों के कई ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। निर्माण कार्य में ग्रामीणों की कृषि भूमि भी अधिग्रहित की गई है। लेकिन उन्हें मोटर मार्ग निर्माण के 6 साल बाद भी मुआवजे के लिए पीएमजीएवाई के अधिकारियों व कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है। जबकि यह उनका अधिकार है। कहा कि पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के प्रभावित ग्रामीणों के प्रति उपेक्षापूर्ण व गैरजिम्मेदाराना कार्यशैली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। कहा कि प्रभावित ग्रामीणों की समस्या का जल्द ही समाधान नहीं होने पर जिला प्रशासन से लेकर शासन स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। बावजूद इसके ग्रामीणों को मुआवजा प्रदान नहीं किया जाता है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं एडीएम सदर आकाश जोशी ने बताया कि पीएमजीएसवाई सतपुली/कोटद्वार के अधिशासी अभियंता को मामले में सकारात्मक निर्णय लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि ग्रामीणों को जल्द ही मुआवजा दे दिया जाएगा।
