बकाया वसूली करने गए ऊर्जा निगम के एसडीओ से मारपीट

 

रुड़की। बकाया वसूली की कार्रवाई करना ऊर्जा निगम के एसडीओ पर भारी पड़ गया। एक संगठन के सदस्य के घर से मीटर जब्त करने पर कार्यकर्ताओं ने आसफनगर के पास एसडीओ की कार रोककर धक्का-मुक्की कर मीटर छीन लिया। कार में तोड़फोड़ कर वहां से फरार हो गए। सूचना मंगलौर कोतवाली पुलिस को मिली। मार्च क्लोजिंग का वक्त नजदीक है। बकायेदारों पर शिकंजा कसने के लिए ऊर्जा निगम की टीम ताबड़तोड़ छापेमारी कर कार्रवाई में जुटी है। ऊर्जा निगम की टीम के साथ गाली गलौज, मारपीट, बंधक बनाने आदि की घटना हो रही है। हिमालयन बिजली घर के उपखण्ड अधिकारी (एसडीओ ) अरशद अली टीम के साथ आसफनगर गांव गए हुए थे। जहां राजस्व वसूली को लेकर अभियान जारी था। एक संगठन के एक सदस्य के बकाया जमा नहीं होने पर मीटर उतारा गया था। जिसको लेकर एसडीओ अरशद अली कार में सवार होकर ड्राइवर के साथ कार्यालय जा रहे थे। इस दौरान संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने रास्ते में एसडीओ की कार को रोक लिया और धक्का-मुक्की कर मीटर छीन लिया। इस बीच कार्यकर्ताओं ने कार में तोड़फोड़ कर शीशा तोड़ दिया। किसी तरह एसडीओ और ड्राइवर ने अपनी जान बचाई। अचानक हुई घटना से एसडीओ और चालक घबरा गए। मामले की जानकारी ऊर्जा निगम के अधिकारियों तक पहुंची। सूचना मिलने पर मंगलौर कोतवाली से चेतक कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। जिन्होंने मामले की जांच की। मंगलौर इंस्पेक्टर अमर चंद शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पर चेतक कर्मियों को मौके पर भेजकर जांच पड़ताल कराई गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *