बंद कमरे के अंदर मिला सप्लायर का शव

देहरादून। रायपुर के बालावाला निवासी ईंट सप्लायर का शव बंद करने में अंदर मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। एसओ अमरजीत रावत ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली की हनुमान मंदिर रोड बालावाला स्थित एक कांप्लेक्स में किराए पर रहने वाले कपिल तोमर(35) पुत्र विनोद तोमर निवासी शांति नगर मुजफ्फरनगर कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे है। सूचना मिलते ही बालावाला चौकी प्रभारी राजीव धारीवाल मौके पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया। अंत में कटर से दरवाजा को काटा गया। देखा तो अंदर कपिल तोमर अपने बेड पर बेसुध अवस्था में थे। आनन फानन में 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसओ अमरजीत रावत ने बताया कि कपिल पेशे से ईंट के सप्लायर थे। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *