बाइक सवार तीन युवकों ने शिक्षिका से की स्नेचिंग
कुरुक्षेत्र
कुरुक्षेत्र के लाडवा के हिनौरी चैक पर दिन-दिहाड़े एक महिला शिक्षिका से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने फोन छीन लिया। शिक्षिका के मोबाइल कवर में 2500 रुपये की राशि भी थी। शिक्षका ने शोर भी मचाया, मगर आरोपित फरार होने में कामयाब रहे। शिक्षिका की शिकायत पर लाडवा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है।
लाडवा के विकास नगर निवासी प्रियंका ने लाडवा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। वह अपने स्कूल से छुट्टी करके पैदल अपने घर जा रही थी। जब वह करीब दो बजकर 25 मिनट पर हिनौरी चैक पर पहुंची। वह चलते-चलते फोन पर बात कर रही थी। उसी समय आगे से तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार हो कर आए।
मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से फोन छीन लिया। उसके फोन के कवर के अंदर 2500 रुपये थे। वे उसे छीनकर ले गए। उसके मोबाइल में दो सिम कार्ड थे। शिक्षिका ने तुरंत शोर मचा दिया। शोच सुनकर लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने युवकों का पीछा भी किया, मगर वे फरार होने कामयाब रहे। तीनों युवकों ने अपने मुंह सफेद रंग के परने बांधे हुए थे। जिससे वह उनको पहचान नहीं पाई। पुलिस ने शिक्षिका की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ छीना झपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
