अतिक्रमण के खिलाफ जारी रहा नगर निगम का अभियान, 6400 रुपये जुर्माना वसूला
रुद्रपुर। नगर निगम की टीम का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। टीम ने नैनीताल रोड पर सड़क किनारे नारियल का ठेला लगाने वाले, टेडिवियर की दुकान लगाकर अतिक्रमण कर रहे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 15 लोगों का चालान काटा और 6400 रुपये जुर्माना वसूला। टीम की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गयी। बुधवार को नगर निगम की टीम सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल के नेतृत्व में नैनीताल रोड पहुंचीं। यहां टीम ने सबसे पहले सड़क किनारे नारियल का ठेला लगा रहे दुकानदार को वहां से खदेड़ा। इसके बाद एक-एक कर सभी अतिक्रमणकारियों को वहां से हटाया। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले कई दिनों से अतिक्रमणकारियों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी जा रही थी, लेकिन वह नहीं मान रहे थे। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान 12 दुकानदारों का पॉलीथिन होने पर चालान काटा गया, जबकि तीन लोगों का अतिक्रमण करने पर चालान काटा गया। सभी से करीब 6400 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
