अभिभावकों की शिकायतों के निस्तारण के लिए बनेगा प्रकोष्ठ
विकासनगर। पछुवादून सहोदय कॉपलेक्स का रविवार को एक दिवसीय अधिवेशन नगर के एक निजी शिक्षण संस्थान में संपन्न हुआ। अधिवेशन के प्रथम सत्र में नए शिक्षा सत्र में आयोजित किए जाने वाले शैक्षणिक और शिक्षणेत्तर गतिविधियों पर चर्चा की गई। जबकि द्वितीय सत्र में कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न कराया गया। चुनाव के दौरान पुरानी कार्यकारिणी को ही अगले दो वर्षों के कार्यकाल के लिए चुना गया।
संगठन के अध्यक्ष सोमदत्त त्यागी ने रविवार को आयोजित बैठक में कहा कि निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को भी सरकारी विद्यालयों के छात्रों की तर्ज पर विभिन्न छात्रवृत्ति समेत अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। छात्रों को समान और गुणवत्तापरक शिक्षा मुहैया कराने के लिए आवश्यक संसाधन सामूहिक तौर पर जुटाए जाने चाहिए। बताया कि प्रत्येक निजी शिक्षण संस्थान में प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना जरूरी है। इसके साथ ही अभिभावकों की शिकायतों के निस्तारण के लिए अलग से एक प्रकोष्ठ गठित किया जाएगा। उन्होंने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए तनावमुक्त माहौल और अभिभावकों के लिए विद्यालय प्रबंधन की सुगम उपलब्धता पर जोर दिया। इस दौरान सचिव बीएस राणा, कोषाध्यक्ष पवन डोगरा, अनीश माथुर, नवनीत बिजल्वाण, आलोक विरमानी, अनिल बोहरा, मेजर कादिर हुसैन, क्रिस हेनरी, ओपी भट्ट, अनु गुप्ता, रश्मि गोयल, सरिता पांडे, अशोक कुमार, संदीप कालिया आदि मौजूद रहे।
