22वां हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया

ऋषिकेश। संस्कार भारती डोईवाला के 22वें हास्य कवि सम्मेलन में लोक कवियों ने राष्ट्र भक्ति से परिपूर्ण रचनाओं की प्रस्तुतियां दीं। कवियों ने एक तरफ कविता के माध्यम से लोगों में देश भक्ति का संचार किया, तो वहीं आम आदमी के हालात, राजनीति, धार्मिक विवादों आदि पर भी तंज कसे। डोईवाला में देहरादून रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में संस्कार भारती ने 22वां हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं डोईवाला के नव निर्वाचित विधायक बृजभूषण गेरौला ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि होली का पर्व सामाजिक सौहार्द का पर्व है। डोईवाला विधायक बृजभूषण गेरौला ने कहा कि संस्कार भारती रचनात्मक रूप से जो कार्य वर्षों से करती आ रही है, उसके लिए वह बधाई की पात्र है। कवि सम्मेलन में कवि अम्बर खरबंदा ने होली को भाईचारे का त्योहार बताते हुए अपनी कविता ‘दुश्मनी को खत्म कर दो की होली आ गयीं… के माध्यम से समाज में प्रेम का प्रसार करने का संदेश दिया। युवा कवि श्रीकांत ने ‘बलिदानों की परम्पराओं का पन्ना खुल रहा है…, सुनो दुनिया वालो यह भारत बोल रहा…, कवि योगेश अग्रवाल ने व्यंग्य रचना ‘देखो आज कैसा समय आ गया एक शराबी राज्य का खेवनहार बन गया.. की प्रस्तुति दी। कवि रोशन लाल हरियाणवी ने चिकित्सा जगत की छिपी सच्चाई को बताते हुए अपनी कविता के माध्यम से एक आम इंसान के हालातों को जाहिर किया। इस दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी शशिकांत दीक्षित के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर, उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। मौके पर मुन्नु लाल अग्रवाल, जितेन्द्र कम्बोज, संस्कार भारती डोईवाला के अध्यक्ष ईश्वरचन्द अग्रवाल, महामंत्री अश्विनी गुप्ता, नरेन्द्र गोयल, महेश गुप्ता, महेन्द्र अग्रवाल, चन्द्रकला ध्यानी, आशा कोठारी, सम्पूर्णानन्द थपलियाल, विनय जिंदल, लच्छी राम लोधी, बाबी शर्मा, अनीता अग्रवाल, सुरेन्द्र वर्मा, नरेन्द्र नेगी, वीरेन्द्र जिंदल, सविता अग्रवाल, राजेंद्र बडोनी, ताराचंद अग्रवाल, रमेश डंडरियाल, कैलाश मित्तल, आनंद गुप्ता, मनीष धीमान, भारत भूषण कौशल, मनोज कांबोज, कविता राणा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *