एन बीरेन सिंह ने विधानसभा के सदस्य रूप में ली शपथ, सीएम फेस की नहीं हुई पुष्टि
इंफाल
मणिपुर विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की फिर वापसी हुई है। इसके बाद एन बीरेन सिंह ने 12वीं मणिपुर विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। इससे पहले नवनिर्वाचित विधायक सोरोखैबम राजेन सिंह ने रविवार को प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ली थी। हिंगांग निर्वाचन क्षेत्र से एन बीरेन सिंह ने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी पी शरतचंद्र को 18,000 से अधिक वोट से हराया था।
इस मौके पर नवनिर्वाचित विधायक बिस्वजीत सिंह, वाई खेमचंद सिंह, गोविंददास कोंथौजम, मुख्य सचिव राजेश कुमार, पुलिस महानिदेशक पी. डौंगेल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि सिंह ने विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली है, लेकिन अभी तक उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण नहीं की है। उन्होंने बताया था कि नई सरकार 19 मार्च से पहले बनेगी, जब राज्य विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया था कि अगले कुछ दिनों में फैसला लिया जाएगा कि कौन नेतृत्व करेगा।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि राज्यपाल ला गणेशन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बता दें कि 60 सीटों वाले पूर्वोत्तर राज्य की भाजपा ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि कांग्रेस को 5 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है। इस दौरान राज्यपाल ने कहा था कि एन बीरेन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और वह स्थायी व्यवस्था होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
