होली पर शांति व्यवस्था में लोगों का सहयोग मांगा 

रुड़की। सीओ और कोतवाल ने क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों और जिम्मेदार लोगों की बैठक ली। बैठक में होली पर शांति और कानून व्यवस्था बनाने पर चर्चा की गई। इस दौरान लोगों ने देहात के अधिकांश गांवों में बिक रही कच्ची शराब पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने सीधे अधिकारियों को सूचना देने की अपील लोगों से की। 17 मार्च को होली दहन और अगले दिन 18 मार्च को फाग है। इसे लेकर सीओ बीएस चौहान व कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने रविवार शाम कोतवाली में लोगों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने त्यौहार पर छोटी, मोटी गलतियों पर ध्यान न देकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने की अपील की। सीओ ने कहा कि अगर कहीं कुछ गलत हुआ है तो इस पर खुद रिएक्ट करने के बजाय पुलिस का सहयोग लें। कोतवाल बिष्ट ने कहा कि अक्सर लोग सोशल मीडिया पर आए मैसेज पर विश्वास कर उसे आगे फॉरवर्ड कर देते हैं। कई बार इसी के कारण बड़ी घटना हो जाती है। कहा कि जानबूझकर किसी ने व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने होली पर बेहतर व्यवस्था को लेकर लोगों के सुझाव भी लिए। अधिकांश लोगों ने गांवों में बिक रही कच्ची शराब पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि देहात में अधिकांश झगड़े व विवाद शराब के नशे की वजह से हो रहे हैं। सीओ व कोतवाल ने शराब बिक्री की सीधा सूचना देने की अपील लोगों से की। बैठक में एसएसआई मनोज सिरोला, एसआई यशवीर सिंह नेगी, लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण, एकता ममगाई के अलावा धीर सिंह, साधूराम, देवीदत्त शर्मा, दीपक मौर्य, नाथूराम शर्मा, अशोक कुमार, कर्णपाल प्रधान, राजेंद्र सिंह, अर्जुन सैनी, इरसान और सलीम अहमद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *