भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वैष्णो देवी धाम के दर्शन किए

जम्मू

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को जम्मू-कश्मीर पहुंचे। अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने और पूर्ववर्ती राज्य के दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित होने के बाद क्षेत्र का उनका यह पहला दौरा है। उन्होंने अपने परिवार के साथ रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वत पर स्थित माता वैष्णो देवी धाम में पूजा-अर्चना की। नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी थे। भाजपा अध्यक्ष का पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख रविंदर रैना के नेतृत्व में सैकड़ों युवा भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं ने जम्मू हवाई अड्डे पर स्वागत किया। नारेबाजी के बीच नड्डा ने अपना वाहन रोका और उत्साही कार्यकर्ताओं से माला, फूल तथा शॉल प्राप्त की। नड्डा ने अपने परिवार, जितेंद्र सिंह, रविंदर रैना और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी जम्मू-कश्मीर तरुण चुग के साथ गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मंदिर से लौटने के बाद नड्डा ने आगामी चुनावों से पहले केंद्रशासित प्रदेश में पार्टी को और मजबूत करने के लिए विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के पार्टी नेताओं के साथ विचार-मंथन किया। रैना ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा महत्वपूर्ण है क्योंकि परिसीमन आयोग की रिपोर्ट को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इस साल के अंत में जम्मू कश्मीर विधानसभा के चुनाव होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *