यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बनेगा नया एक्सप्रेसवे

नई दिल्ली

यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाली राया हेरिटेज सिटी को मथुरा-वृंदावन से जोड़ने के लिए नया एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। छह लेन का यह एक्सप्रेसवे 100 मीटर चौड़ा होगा। इस परियोजना की डीपीआर बनाने वाली कंपनी से फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी गई है। यमुना प्राधिकरण एक्सप्रेसवे के किनारे राया में 9350 हेक्टेयर में हेरिटेज सिटी विकसित करेगा। इसमें 731 हेक्टेयर में पर्यटन जोन और 110 हेक्टेयर में रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। इसे विकसित करने में करीब 7000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्राधिकरण का उद्देश्य है कि अगर पर्यटक यमुना एक्सप्रेसवे से होकर गुजरे तो वह राया में रुके और मथुरा वृंदावन जैसी स्थिति का एहसास कर सकें। उसी के अनुरूप यहां पर राया हेरिटेज सिटी विकसित की जानी है। इसके लिए सीबीआरई साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बना रही है। सोमवार को कंपनी के प्रतिनिधियों ने यमुना प्राधिकरण के अफसरों के सामने इसका प्रस्तुतिकरण दिया। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने कंपनी से कहा है कि द्वारकाधीश और बांके बिहारी मंदिर तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करें। आधिकारियों ने बताया कि राया से मथुरा-वृंदावन तक 100 मीटर चौड़ा छह लेन का एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। यह दूरी 16 किलोमीटर से अधिक है। इससे राया से दोनों शहरों की पहुंच आसान हो जाएगी। इससे वाहन चालकों को आसानी होगी। अधिकारियों ने कहा कि डीपीआर में नेचुरोपैथी सेंटर, आयुर्वेद के सेंटर, योग केंद्र, वेलनेस सेंटर, म्यूजियम, कन्वेंशन सेंटर, थीम पर आधारित हेरिटेज सेंटर, चौकी धानी की तर्ज पर विकास, हॉट, अध्यात्मिक केंद्र, थीम पार्क, होटल आदि को भी शामिल किया जाए। स्थानीय कला को भी डीपीआर में स्थान दिया जाए। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि इन सभी चीजों को डीपीआर में सम्मिलित करते हुए जल्द डीपीआर प्रस्तुत की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *