यूक्रेन से लौटी तमन्ना का स्वागत
ऋषिकेश। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ऋषिकेश निवासी छात्रा तमन्ना त्यागी की सकुशल वापसी पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है। बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने तमन्ना त्यागी के घर पहुंच उनका स्वागत किया।
बुधवार को गंगानगर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में यूक्रेन से लौटी छात्रा तमन्ना त्यागी को कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कहा कि बड़ी खुशी हैं कि ऋषिकेश की बिटिया तमन्ना सकुशल अपने वतन आ गई है। ऐसे ही हजारों छात्र अभी यूक्रेन में फंसे हैं, उन्हें भी सरकार और तत्परता दिखाकर जल्द से जल्द सकुशल वतन में वापसी करवाएं। तमन्ना ने बताया कि वे यूक्रेन के इवानो फ्रेंकिवस्क कॉलेज में एमबीबीएस के तृतीय वर्ष की छात्रा है। स्वागत करने में बृजपाल राणा, दिनेश रावत, शैलन्द्र भंडारी, प्यारेलाल जुगरान, मनीष मिश्रा आदि शामिल रहे।
