मंडी समिति में हुई शिकायतों की जांच को पहुंची मुख्य कृषि अधिकारी
विकासनगर। कृषि उत्पादन मंडी परिषद में दुकान आवंटन में हुई गड़बड़ी समेत अन्य शिकायतों की जांच शुरू हो गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंडी परिषद ने एक व्यापारी को ही दो हजार वर्ग मीटर जमीन दे दी, जबकि उक्त जमीन में पच्चीस दुकानें बन सकती थी और अधिक व्यापारियों को लाभ मिल सकता था। इस मामले में मुख्य कृषि अधिकारी ने मंगलवार को व्यापारियों और मंडी परिषद के कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी आपत्तियां सुनी। मंगलवार को कृषि उत्पादन मंडी परिषद में दुकान आवंटन में हुई गड़बड़ी के मामले की जांच करने के लिए मुख्य कृषि अधिकारी लतिका सिंह विकासनगर स्थित मंडी परिषद कार्यालय पहुंची। यहां मुख्य कृषि अधिकारी ने व्यापारियों और मंडी परिषद के कर्मचारियों के साथ बैठक कर जांच संबंधित जानकारी जुटाई। साथ ही कुछ व्यापारियों ने कृषि अधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने मुख्य कृषि अधिकारी लतिका सिंह को बताया कि स्थानीय मंडी समिति की ओर से दुकान आवंटन में अनियमितता बरती जा रही है। एक ही व्यापारी को कई दुकानें आवंटित की जा रही हैं। इसके साथ ही कोल्डस्टोरेज के लिए आवंटित भूमि भी विवादों के घेरे में है। बताया कि इस संबंध में मंडी प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज की गई।आरोप लगाया कि मंडी प्रशासन और मंडी समिति अपने चहेते व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए नियम विरुद्ध कार्य कर रही है। बताया कि दो हजार वर्ग मीटर जमीन एक व्यापारी को आवंटित की गई है। जबकि इस जमीन पर करीब 25 दुकानें बन सकती हैं, जिससे अन्य व्यापारियों को लाभ होगा। बताया कि व्यापारी कोल्ड स्टोरेज का निर्माण मंडी के पिछले गेट की ओर करना चाहते हैं, जिससे परिसर में व्यापारियों की दुकानों के लिए पर्याप्त जगह मिल सके। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य कृषि अधिकारी ने मंडी प्रशासन को दुकान विहीन लाइसेंस प्राप्त व्यापारियों की सूची तैयार करने और उपलब्ध जगह पर छोटी छोटी दुकानों का निर्माण करने के निर्देश दिए, जिससे सभी व्यापारियों को दुकान मुहैया हो सके। बताया कि कोल्डस्टोरेज का निर्माण मंडी समिति और व्यापारियों की आपसी सहमति से किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों की आपत्तियों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपने की बात कही। इस दौरान सहायक कृषि अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान, ब्लॉक कृषि प्रभारी एमपीएस चौहान, मंडी सचिव राजवीर, केपी शर्मा, सीएम शर्मा आदि मौजूद रहे।
