बाड़वाला और साहिया मेले में खरीदारी को उमड़े ग्रामीण

 

विकासनगर। कोविड संक्रमण के चलते दो साल से बंद पड़ा बाड़वाला महाशिवरात्रि मेला और साहिया शहीद मेला मंगलवार से शुरू हो गया। पहले दिन मेले में बड़ी संख्या में उमड़े लोगों ने मेले का जमकर लुत्फ उठाया। महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। इसके साथ ही लोगों ने झूला, चर्खी, मौत का कुआं का आनंद भी लिया।

मेला स्थल पर लगी चाऊमीन, जलेबी, चाट की दुकानों पर सुबह से ही महिलाओं और बच्चों की भीड़ लगी रही। लोगों ने शिवालय में जलाभिषेक कर मेला स्थल का रुख किया। बच्चे खिलौनों की दुकानों पर अपने अभिभावकों के साथ दिन भर खरीदारी करते रहे। बाड़वाला में शुरू हुए तीन दिवसीय मेले में भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के जवान कड़ी मशक्कत करते रहे। वहीं, सीओ वीडी उनियाल ने मंगलवार को बाड़वाला में लगे मेले में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस के जवानों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले हर व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जाए। महिलाओं का विशेष ख्याल रखा जाए, ताकि चेन स्नेचिंग जैसी घटनाएं न हो सकें। साथ ही पुलिस मुनादी कर लोगों को जेब कतरों से सावधान रहने की हिदायत भी देती रही।

बाड़वाला में लगे तीन दिवसीय मेले को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग का रूट डायवर्ट किया गया है। कालसी की ओर से आने वाले वाहन राजकीय इंटर कॉलेज बाड़वाला से होते हुए आ रहे हैं। जबकि विकासनगर की ओर से जाने वाले वाहन बाड़वाला-जुड्डो मार्ग से कालसी की ओर भेजे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *