सवारी बैठाने पर ऑटो, विक्रम चालकों और ई-रिक्शा चालकों के बीच हंगामा

ऋषिकेश। मुनिकीरेती पूर्णानंद पार्किंग में रविवार को ई-रिक्शा में सवारी बिठाने पर ऑटो और विक्रम चालकों का पारा चढ़ गया। उन्होंने ई-रिक्शा का रास्ता रोककर विरोध किया। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई, लेकिन लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। तीर्थनगरी ऋषिकेश में ऑटो, विक्रम चालकों और ई-रिक्शा चालकों के बीच विवाद नहीं थम रहा। रविवार सुबह एक ई-रिक्शा ऋषिकेश से जानकी पुल के सामने पूर्णानंद पार्किंग में सवारी छोड़ने आया। वापस लौटते समय ई-रिक्शा चालक ने पूर्णानंद पार्किंग से जैसे ही सवारी बिठाई, तभी ऑटो-विक्रम यूनियन के सदस्य और चालक आ धमके और ई-रिक्शा को घेर लिया। ई-रिक्शा चालक के विरोध करने पर तीखी नोक-झोंक हो गई। हंगामा देख ई-रिक्शा में बैठी सवारियां नीचे उतरकर पैदल आगे बढ़ गईं। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कर हंगामा शांत कराया। यूनियन सदस्यों ने ई-रिक्शा चालक को हिदायत दी कि अब इधर नहीं आना। अपने निर्धारित रूट पर ही चले।
ऑटो चालकों का कहना है कि ई-रिक्शा चालक सवारी वाहन के बुकिंग किराया रेट बिगाड़ने के साथ ही ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर निर्धारित रूट से इतर ऑटो-विक्रम के कारोबार में सेंध लगा रहे हैं। ई-रिक्शा का विरोध जारी रहेगा। वहीं, ई-रिक्शा चालक विनीत कुमार निवासी मनसा देवी ऋषिकेश ने ऑटो यूनियन पर मनमानी का आरोप लगाया है। कैलास गेट चौकी इंचार्ज योगेश पांडेय ने बताया कि इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *