नालियों के क्षतिग्रस्त होने से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी
नई टिहरी। चंबा नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-नई टिहरी सड़क मार्ग के बुरांशबाड़ी-बादशाहीथौल तथा चंबा मसूरी सड़क के किनारे बनी नालियों के क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी सड़कों पर बहने से सड़कें भी खराब हो रही हैं। इसके साथ ही लोगों को भी आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चंबा नगर पालिका वार्ड संख्या सात के सभासद शक्ति प्रसाद जोशी ने कहा कि एनएच 707 नई टिहरी-चंबा सड़क मार्ग के बुरांशबाड़ी-बादशाहीथौल पर एनएच की लापरवाही के कारण करीब बीते दो वर्षों से नालियों की मरम्मत न होने से वह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, और नालियों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिसके कारण स्कूली बच्चों से लेकर पैदल चलने वालों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, साथ ही सड़क पर गंदा पानी भी जमा हो जाता है। बताया इस संबंध में उन्होंने तथा अन्य लोगों ने पूर्व में एनएच के अधिकारियों को पत्र भेजकर भी अवगत करवाया, लेकिन सड़कों की नालियों की मरम्मत नहीं हो पाई। उन्होंने इस संबंध में डीएम को पत्र सौंपकर एनएच के अधिकारियों से शीघ्र बुरांशबाड़ी-बदशाहीथौल तथा चंबा-मसूरी सड़क मार्ग की क्षतिग्रस्त नालियों के निर्माण की मांग की। कहा जल्द क्षतिग्रस्त नालियों का निर्माण नहीं किया जाता है, तो नगर पालिका चंबा क्षेत्र के लोग आगामी दस मार्च के बाद एनएच के खिलाफ धरना-प्रदर्शन के लिये बाध्य होंगे।
