भाजपा कार्यकर्ता और पत्नी की पिटाई

रुड़की। वोटिंग के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और उनकी पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया गया। शोर शराबा होने पर क्षेत्र वासी एकत्र होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली को रिटायर सैन्यकर्मी एवं भाजपा कार्यकर्ता सनेसवर सिंह निवासी जे ब्लॉक दुर्गा कॉलोनी ने बताया कि 14 फरवरी को पोलिंग बूथ संख्या 120 पर मतदाताओं को पर्चियां उपलब्ध करा रहे थे। आरोप है कि लक्ष्मी प्रसाद सती ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मतदाताओं से अभद्रता शुरू कर दी। विवाद न हो, इसके लिए मौके पर शांति बनाने का काफी प्रयास किया।
आरोप है कि करीब पांच बजे के आसपास आरोपियों ने पत्थर और सरिए से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। बीच-बचाव में पत्नी रीना आई तो आरोपियों ने उन्हें भी जमकर पीटा। शोर-शराबा होने पर भीड़ बढ़ने लगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि लक्ष्मी प्रसाद सती, सुबोध और अमर सिंह के खिलाफ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *