2022 चुनाव जीतने के बाद प्रदेश को मिलेगा सुशासन: आप

 

विकासनगर। आम आदमी पार्टी की ओर से विकासनगर विधान सभा के लिए गुरुवार को प्रवीण बंसल और सहसपुर विधान सभा के लिए भरत सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। दोनों ही प्रत्याशियों ने कहा कि 2022 में चुनाव जीतने के बाद प्रदेश में सुशासन सिर्फ आप ही दे सकती है।

नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए दोनों प्रत्याशियों ने कहा कि पछुवादून के साथ ही पूरे प्रदेश में पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से विकास की असीम संभावनाएं हैं। लेकिन आज तक के जन प्रतिनिधियों और सरकारों ने इन संसाधनों का सही उपयोग नहीं किया है। आरोप लगाया कि पछुवादून के विधायक आज तक सिर्फ अवैध खनन के माध्यम से अपने चहेतों को लाभ पहुंचाते रहे हैं। जबकि यहां के जल, जंगल और जमीन का उपयोग क्षेत्र के विकास के लिए किया जा सकता है। कहा कि अब तक की सरकारें पुरातात्विक महत्व के पर्यटन स्थल जगतग्राम को विकसित नहीं कर पाए हैं। अश्वमेघ यज्ञ स्थल जगतग्राम और ऐतिहासिक स्थल खाराखेत के विकसित होने से पछुवादून के विकास को गति मिलेगी। लेकिन भाजपा, कांग्रेस में राष्ट्र की विरासतों को सहेजने के बजाय खनन और वन उत्पादों की तस्करी के माध्यम से खुद का विकास करने की होड़ लगी रही। दोनों ही दलों की इस नीति का खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पछुवादून से इस बार आम आदमी पार्टी के विधायक बनेंगे, जिसके बाद प्रदेश में भी आप की सरकार का गठन होगा। आप की सरकार बनते ही प्रदेश की जनता को सुशासन मिलेगा और पछुवादून की सभी विधान सभाओं में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *