आठ दिन से लापता ग्रामीण का शव मिलने के बाद मचा बवाल  

रुड़की।  हरिद्वार जिले के बहादरपुर से आठ दिन पहले लापता ग्रामीण का शव गांव से सटे तालाब में पड़ा मिला। कस्बा चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ग्रामीण की मौत की वजह अंधेरे में भूलवश तालाब में गिरना मान रही है। लक्सर से सटे बहादरपुर खादर गांव निवासी अनिल उर्फ नीटू पुत्र रतन सिंह आठ दिन पहले शाम के समय घर से लापता हो गया था।
परिवार के लोगों ने दो दिन तक अपने स्तर पर उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ग्रामीण की गुमशुदगी दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही थी। परिजन भी अपने स्तर से अनिल की तलाश में जुटे थे। किसी ने बुधवार सुबह पुलिस को बहादरपुर गांव के पास लक्सर-रुड़की हाईवे से सटे तालाब में एक शव पड़ा होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसएसआई मनोज सिरोला और कस्बा चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिसबल लेकर मौके पर पहुंचे और तालाब में पड़े शव का बाहर निकलवाया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शिनाख्त कराई तो शव अनिल उर्फ नीटू का निकला। इसकी जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी वहां पहुंच गए और पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएसआई मनोज सिरोला का कहना है कि मृतक घर से हाथ में छोटी सी टॉर्च लेकर चला था। शव के हाथ में टॉर्च ज्यों की त्यों पाई गई है। संभवत: अंधेरे में भूलवश तालाब में गिरने की वजह से उसकी मौत हुई हो सकती है। बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से स्थिति साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *