आठ को होगी निगम की बैठक, एजेंडा जारी

रुड़की।  नगर निगम रुड़की की बोर्ड बैठक आठ जनवरी को होगी। बोर्ड बैठक का एजेंडा जारी कर दिया गया है। बैठक में केवल चार ही प्रस्ताव हैं। उसमें से भी एक पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि का है। नगर निगम की बैठक लंबे समय से नहीं हो पा रही थी। इसको लेकर मेयर और उनके विरोधी खेमे के पार्षद आमने-सामने थे। मेयर गौरव गोयल का कहना था कि पिछली बोर्ड बैठकों के काम ही नहीं हो पाए हैं, ऐसे में बोर्ड बैठक कराने का कोई औचित्य नहीं है। मेयर विरोधी खेमे के पार्षदों का कहना था कि बोर्ड बैठक नहीं होने से शहर में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मेयर का विरोध करने वाले पार्षद बोर्ड में बहुमत की स्थिति में हैं। माना जा रहा था कि मेयर इस कारण भी बोर्ड बैठक कराने के इच्छुक नहीं है। जिला योजना समिति के चुनाव में भी मेयर खेमे को झटका लगा। इस बीच हाईकोर्ट के नगर निगम बोर्ड बैठक बुलाने के आदेश के बाद स्थिति बदल गई। कुछ दिनों तक अधिकारियों और मेयर में बोर्ड बैठक को लेकर पत्र लिखने का सिलसिला चलता रहा। निगम के दो अधिकारियों के तबादले के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह को नगर आयुक्त का अतिरिक्त दायित्व मिला है। मंगलवार को पार्षदों के एक खेमे ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की। नगर अयुक्त ने कोर्ट आदेश का पालन कराने की बात कही थी। इसके बाद बुधवार को नगर निगम बोर्ड बैठक की तारीख जारी करते हुए एजेंडा जारी कर दिया गया। नगर आयुक्त की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में आठ जनवरी को पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे बोर्ड बैठक बुलाई गई है। बैठक में चार ही एजेंडा है। जिसमें पिछली कार्यवाही की पुष्टि, हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार सुबोध गुप्ता की संपत्ति लीज नवीनकरण, पर्यावरण मित्रों को दी गई साढ़े सात हजार की प्रोत्साहन राशि का अनुमोदन और मेयर की ओर से लोनिवि द्वारा जारी नई दरें निगम में लागू करवाने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *