देवप्रयाग में तहसील दिवस पर दर्ज हुईं दस शिकायतें
नई टिहरी। देवप्रयाग में आयोजित तहसील दिवस पर दर्ज शिकायतों का एडीएम ने तत्काल निस्तारण के आदेश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले सभी शिकायतों का समाधान किया जाए।
मंगलवार को देवप्रयाग में तहसील दिवस के मौके पर कुल दस शिकायतें ही दर्ज हुईं। एडीएम रामजी शरण शर्मा तथा एसडीएम कीर्तिनगर सोनिया पंत ने लोगों की शिकायतों को सुना। बीते वर्ष 11 मई को शांता नदी की आपदा में अपनी दुकानें खोने वाले व्यापारियों ने नगर पालिका की ओर से टीन शेड की बनी नई दुकानों का आवंटन नहीं होने की शिकायत की। एडीएम ने नगर पालिका के ईओ रघुवीर राय को तत्काल पीड़ित दुकानदारों को दुकान आवंटन करने के आदेश दिये। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष किश्तों का भुगतान भी संबंधित लोगों को करने को कहा। सभासद रूपेश गुसाईं द्वारा पेयजल लाइनों में सुधार की मांग की गई। मुआवजे के संबंध में आई शिकायतों पर एडीएम ने एसडीएम को देवप्रयाग और कीर्तिनगर तहसील के ऐसे सभी प्रकरणों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिये। साथ ही तहसीलदार मानवेंद्र बर्त्वाल को वृद्धा, विकलांग आदि की पेंशन का भुगतान शीघ्र करवाने को कहा गया। पूर्व क्षेपं सदस्य जगदीशचन्द्र आर्य ने भरपूर पट्टी में जर्जर बिजली पोलों को बदलने और लकड़ी का टाल खोलने की मांग की।
