एबीवीपी के प्रदेश अधिवेशन के लिए बांटी जिम्मेदारियां
श्रीनगर गढ़वाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के श्रीनगर में होने वाले प्रदेश स्तरीय अधिवेशन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को यहां जीजीआईसी मैदान में अधिवेशन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां बांटी गई। जिसके तहत 10 महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई। अधिवेशन को लेकर आयोजित व्यवस्था बैठक एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में एबीवीपी के केंद्रीय कार्य समिति सदस्य ऋतांशु कंडारी ने कहा कि अधिवेशन में प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं के स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं को जुटाने में प्रत्येक कार्यकर्ता को टीम भावना से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का योगदान जरूरी है। इस मौके पर स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, अतिथि, जल, भोजन, विद्युत, आवास, आपूर्ति आदि की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी गई। बैठक में एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री संदीप राणा, विभाग संगठन मंत्री पृथ्वी राणा, जिला संगठन मंत्री शाश्वत खंडूड़ी, ऋषभ रावत, दीपक चौधरी, ध्रुव नेगी, राहुल पंवार, अमन पंत, जसवंत राणा आदि मौजूद रहे।
