रोहित बाहर, राहुल को वनडे कप्तानी, बुमराह उप कप्तान

नयी दिल्ली

सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को उप कप्तानी सौंपी गई है। नियमित कप्तान रोहित शर्मा चोट से उबर न पाने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।
चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने आगामी 19 जनवरी से शुरू हो रही वनडे सीरीज के लिए 18 सदस्यीय बड़े दस्ते की घोषणा की। नियमित कप्तान रोहित शर्मा के चोट की वजह से सीरीज के लिए उपलब्ध न होने के कारण सफेद गेंद क्रिकेट के नियमित उप कप्तान राहुल को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि बुमराह को उप कप्तान बनाया गया है।
चेतन ने टीम की घोषणा करते हुए कहा, रोहित शर्मा फिट नहीं हैं, इसलिए वह सीरीज नहीं खेलेंगे। वह रिहैबिलिएटेशन कर रहे हैं और फिर से फिट होने की ओर अग्रसर हैं। चयनकर्ता जोखिम नहीं लेना चाहते हैं, अगर वह 100 प्रतिशत फिट नहीं है तो हम जोखिम नहीं लेंगे।
उन्होंने राहुल को सीरीज के लिए कप्तान नियुक्त करने को लेकर संकेत दिया कि चयन समिति उन्हें भविष्य में एक संभावित लीडर के रूप में देख रही है। राहुल एक ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने नेतृत्व गुणों को साबित किया है और इसलिए हम उन्हें एक लीडर के रूप में तैयार कर रहे हैं।
चेतन ने कहा कि इनफॉर्म ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी चोटिल होने की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि युवा खिलाडिय़ों रुतुराज गायकवाड़, वेंकटेश अय्यर, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा को उनके प्रदर्शन के आधार पर मौका दिया गया है।
भारत की 18 सदस्यीय टीम : लोकेश राहुल (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उप कप्तान), विराट कोहली, शिखर धवन, रुतुराज गायकवाड़, सूर्य कुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्ण, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *