पुराने रेलवे स्टेशन में होगा ट्रैक का विस्तार

ऋषिकेश।  तीर्थनगरी ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन में प्लेटफार्म नंबर एक के ट्रैक का विस्तार कर 25 कोच की क्षमता वाला बनाया जाएगा। फिलहाल स्टेशन के दो, तीन नंबर प्लेटफार्म के ट्रैक 19 कोच की क्षमता वाले हैं। रेलवे सूत्रों की माने तो ट्रैक का विस्तार होने से लंबी दूरी की अन्य रेल सेवाएं शुरू हो सकेंगी। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत हरिद्वार बाईपास मार्ग पर योगनगरी रेलवे स्टेशन बनने के बाद रेलवे रोड पर स्थित पुराने रेलवे स्टेशन के अस्तित्व पर सवाल खड़े होने लगे थे, लेकिन पुराने रेलवे स्टेशन की महत्ता बरकरार रही और लंबीदूरी की रेल सेवा हेमकुंड एक्सप्रेस और बाडमेर एक्सप्रेस का संचालन जारी रहा। अब अच्छी खबर है कि पुराने रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर 1 जिसके ट्रैक की क्षमता 14 कोच की है, उसे बढ़ाया जाएगा। यानी कि ट्रैक की क्षमता 14 से बढ़कर 25 होना प्रस्तावित है। इसकी पुष्टि करते स्टेशन अधीक्षक एसके शर्मा ने बताया कि पुराने रेलवे स्टेशन ऋषिकेश के ट्रैक विस्तार के लिए रेल प्रबंधन मुरादाबाद मंडल की ओर से प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया। रेलवे बोर्ड ने प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जिससे पुराने रेलवे स्टेशन के ट्रैक विस्तार की जल्द उम्मीद है। 25 कोच की क्षमता होने से राजधानी एक्सप्रेस भी ऋषिकेश से संचालित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *