अटाल में पुलिस चौकी खोलने की मांग को एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

विकासनगर। युवा कल्याण समिति सैंज अटाल ने एसएसपी देहरादून को ज्ञापन सौंपकर पुलिस चौकी खोले जाने की मांग की है। एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में समिति ने कहा कि पैंतीस से अधिक गांवों के व्यापारिक केंद्र अटाल में एक इंटर कालेज, प्राइमरी स्कूल, शिशु मंदिर के अलावा करीब अस्सी व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। एक सरकारी चिकित्सालय समेत बैंक भी है, जहां पैंतीस से अधिक गांवों के लोग सेवायें लेते हैं। बताया कि त्यूणी थाना करीब पच्चीस किलोमीटर दूर है। कहा कि विषम भौगौलिक परिस्थितियों वाला पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बार बार पुलिस का गश्त करना और समय पर पहुंचना असंभव है। जिससे पुलिस कर्मियों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कहा कि सीमा से जुड़े होने के कारण अनावश्यक गतिविधियों के चलते माहौल दिन प्रतिदिन खराब होता जा रहा है। इसके अलावा नशा खोरी रोकने, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर नकेल कसने आदि के लिए पुलिस चौकी अटाल में खोला जाना अनिवार्य है। समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अटाल में पुलिस चौकी शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में बसंत शर्मा, वीनीत शर्मा, सतांश शर्मा, नवीन, आशीष, नीटू, अंबरीश आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *