आनंद के हत्यारोपी को जेल भेजा
विकासनगर। सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाहपुर कल्याणपुर में आनंद सिंह हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से हत्यारोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। वहीं बुधवार को परिजनों ने अपने पैतृक घाट आसन नदी किनारे आनंद सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया है। सहसपुर थाना क्षेत्रांतर्गत हसनपुर कल्याणपुर में बीस दिसंबर को खेतों में पानी लगाने गये किसान आनंद सिंह की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी गफ्फूर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में यह समाने आया कि आनंद सिंह और गफ्फूर के खेत के आसपास हैं। आनंद सिंह से गफ्फूर की अक्सर कहासुनी होती रहती थी। जिसकी खुंदक में गफ्फूर ने आनंद सिंह को मारने का प्लान बनाया। बीस दिसंबर को मौका मिला तो गफ्फूर झाड़ियों में छिप गया और आनंद सिंह के खेत का पानी बंद कर दिया। जब वह पानी को लगाने गूल पर आया तो उस पर पीछे से सिर पर फावड़े के कई वार कर उसकी हत्या कर दी। एसओ विनोद सिंह राणा ने बताया कि मृतक के परिजनों ने बुधवार को आनंद का अंतिम संस्कार कर दिया है। उधर, हत्यारोपी गफ्फूर को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मंगलवार को हत्या के मामले में ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए जहां सभावाला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
