लक्सर के दिव्यांग खिलाड़ियों के नाम वर्ल्ड रिकार्ड्स में दर्ज

रुड़की।

लक्सर के दो दिव्यांग खिलाड़ियों ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिव्यांगों में शिक्षा के प्रचार, प्रसार के लिए अक्तूबर 2019 में हुई 3500 किलोमीटर की टू व्हीलर रेस में पहला स्थान प्राप्त करने वाले इन दोनों दिव्यांग खिलाड़ियों का नाम वर्ल्ड रिकार्ड्स इंडिया में दर्ज किया गया है। लक्सर के दाबकी गांव निवासी दिग्विजय सिंह व भारूवाला के प्रदीप कुमार दिव्यांग खिलाड़ी हैं। उन्होंने अक्तूबर 2019 में 3500 किलोमीटर लंबी टू व्हीलर रेस में हिस्सा लिया था। इसमें प्रतिभाग करने वाले सभी सोलह खिलाड़ी दिव्यांग थे। रेस दिल्ली के इंडिया गेट से शुरू होकर मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया तक जाने के बाद वापस इंडिया गेट दिल्ली पर पूरी हुई थी। दिग्विजय और प्रदीप ने 15 नवंबर को (15 दिन में) रेस पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया था। रास्ते में उन्होंने दौसा, जयपुर, अजमेर, अहमदाबाद, सूरत, मुंबई, मालेगांव, पुणे, इंदौर, सागर, ग्वालियर व आगरा में 12 जगहों पर रुककर दिव्यांगों में शिक्षा की आवश्यकता का प्रचार-प्रसार भी किया था। उनकी इस उपलब्धि को वर्ल्ड रिकार्ड्स इंडिया में दर्ज किया गया है। वर्ल्ड रिकार्ड्स इंडिया की मुख्य संपादक पावन सोलंकी ने दोनों खिलाडियों के साथ ही रेस के लिए उनकी आर्थिक मदद करने वाली संस्था जेके टायर को इसका प्रमाणपत्र भेजा है। दिग्विजय व प्रदीप का कहना है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी इवेंट में विजय पाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *