आतंकियों ने पुलिस की बस पर की फायरिंग, 2 जवान शहीद, 12 जख्मी

 

New delhi

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के बाहरी इलाके जेवन में आतंकियों ने पुलिस की एक बस पर फायरिंग की है। इस हमले में 14 पुलिसकर्मियों घायल हुए थे, जिनमें से दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिलहाल 11 अन्य पुलिसकर्मियों की हालत खतरे से बाहर है। कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर इस घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक यह हमला जेवन इलाके के पंथा चौक पर हुआ है। हमले के बाद इलाके को घेर लिया गया है और सभी जख्मी पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में ले जाया गया है। हमलावर आतंकियों की तलाश जारी है। इससे पहले सुबह श्रीनगर के ही रगरेट इलाके में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था।

जान गंवाने वालों में सशस्त्र पुलिस का एक सहायक उप-निरीक्षक भी शामिल है। अब तक हमले की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *