कानून व्यवस्था को लेकर बिहार में लागू हो योगी मॉडल : भाजपा
पटना ……….
बिहार में बढ़ते अपराध पर नकेल कसने के लिए बीजेपी विधायक योगी मॉडल की मांग करते नजर आ रहे हैं. पहले सीतामढ़ी से बीजेपी विधायक मिथिलेश कुमार ने मांग की और अब एक और बीजेपी विधायक दावा कर रहे हैं कि बिहार सरकार में योगी फॉर्मूला अपना लिया है और गाड़ियां पलटने लगी हैं. इस बयान के बाद बिहार में सियासत तेज हो गई है. बीजेपी अपने विधायक के बयान के साथ खड़ी है तो जेडीयू किनारे हो गई है. वहीं, विपक्ष सरकार को घेरने में जुटा है।
भाजपा विधायक पवन जायसवाल ने कहा कि जो घटनाएं हो रही हैं, उनका खुलासा हो रहा है. यूपी माण्डल पर ही बिहार में भी सरकार काम कर रही है. अपराधी तेज चलेंगे, तो उनकी गाड़ी पलट जाएगी. सीतामढ़ी में दारोगा की हत्या करनेवाले अपराधियों की गाड़ी पलटी है. जबकि जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि नीतीश कुमार न्याय के साथ विकास के लिए जाने जाते हैं. नीतीश सरकार ना किसी को फंसाती है और ना बचाती है।
दरअसल, ऐसा नहीं है कि पवन जायसवाल पहले शख्स हैं जो योगी मॉडल का समर्थन कर रहे हैं बल्कि इससे पहले बीजेपी विधायक मिथिलेश कुमार भी योगी फॉर्मूला अपनाने की सलाह दे चुके हैं. लेकिन इस मुद्दे पर जेडीयू खामोश हैं पर विपक्ष इसकी आलोचना कर रहा है. भाजपा प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि बिहार में अपराध पर कंट्रोल हो रहा है. पुलिस अपना काम कर रही है. पवन जायसवाल ने अपराध खात्मे की बात कही थी. सुशासन की सरकार में अपराधियों को बचाया नहीं जाता है बल्कि उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाता है।
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा है कि अब सरकार के सहयोगी भी मानते हैं कि बिहार में अपराधी बेलगाम हैं. लेकिन बीजेपी विधायक का बयान न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता. क्योंकि कानून के दायरे में ही रह कर अपराधियों को सजा दिलाना सरकार का काम है. जबकि आरजेडी प्रवक्ता एज्या यादव ने कहा कि लोकतंत्र में अपराधियों को सजा अदालत के तहत मिलती है. लेकिन जेडीयू बीजेपी की सरकार में अपराधियों का बोलबाला चरम पर है. सीएम नीतीश कुमार ने बीजेपी के सामने घुटने टेक दिए हैं. पुलिस का फोकस सिर्फ शराब और बालू पर है।
