बगूर के ग्रामीणों ने दी विस चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

विकासनगर।

तहसील क्षेत्र अंतर्गत बगूर के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर विधान सभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को संबोधित इस आशय का ज्ञापन मंगलवार को ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि प्रदेश सरकार विकास का दावा कर रहे ही, लेकिन बगूर गांव को अभी सड़क सुविधा से वंचित रखा गया है। जबकि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के रिकॉर्ड में इस गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा गया दर्शाया गया है। इसकी जानकारी पीएमजीएसवाई के कार्यालय समेत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी मुहैया कराई गई। बावजूद इसके अभी भी पीएमजीएसवाई के आधिकारिक रिकॉर्ड में अंकित की गई गलत जानकारी को हटाया नहीं गया है। ग्रामीणों ने बताया कि 2017 में विधान सभा चुनाव के दौरान गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने का वादा ग्रामीणों से किया गया था, लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद सरकार का ध्यान गांव से हट गया। सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गांव में किसी के बीमार पड़ने पर उसे डंडी कंडी के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है, जिससे कई बार मरीज की जान जोखिम में पड़ जाती है। ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान भी पीठ पर लाद कर लाना पड़ता है। सड़क के अभाव में गांव से पलायन भी होने लगा है। ग्रामीणों ने कहा कि इस बार विधान सभा चुनाव से पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में गुलाब सिंह, सरदार सिंह, सतपाल राणा, कुलदीप राणा, कुशाल राणा, हरपाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *