पौधों में पानी की कमी को दर्शाते हैं ये संकेत, भूल से भी न करें नजरअंदाज

पौधों के विकास के लिए पानी बहुत जरूरी होता है। हालांकि, पौधों को पानी देते समय ध्यान रखें कि आप कहीं उसे अधिक या कम पानी तो नहीं दे रहे हैं न। दरअसल, जितना नुकसानदायक पौधों के लिए अधिक पानी है, उतना ही बुरा कम पानी भी है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे संकेतों के बारे में बताते है, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि आप पौधों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं दे रहे हैं।
पौधे का मुरझाना
अगर आपका कोई पौधा मुरझाने लगा है तो हो सकता है कि ऐसा उसे कम पानी देने के कारण हुआ हो। दरअसल, जब आप पौधे को उसकी जरूरत से कम मात्रा में पानी देते हैं तो पूरा पौधा धीरे-धीरे नीचे झुकना शुरू कर देता है। इसलिए रोजाना पौधों को पर्याप्त मात्रा में पानी दें। वहीं, अगर पौधा बहुत ज्यादा मुरझा गया है तो उसे गमले से हटाकर दूसरे गमले में अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी के साथ लगाएं।
पत्तियों का गिरना
पौधे के मुरझाने के अलावा, उनकी पत्तियों का गिरना भी इस बात का संकेत है कि आप पौधे को कम पानी दे रहे हैं। दरअसल, जब आप पौधे को कम पानी देते हैं तो इससे निचली पत्तियां सबसे पहले प्रभावित होती हैं क्योंकि पत्तियां सूखने लगती हैं। इसके अतिरिक्त, पौधों का ऊपरी हिस्सा फीका पडऩे लगता है और भूरे रंग का हो जाता है, जिसके बाद पत्तियां गिरने लगती हैं।
पौधों का विकास धीरे होना
अगर आपको यह लग रहा है कि आपके किसी पौधे का विकास धीरे हो रहे हैं तो इसका कारण भी उसे पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। हालांकि, अगर आपका पौधा सिर्फ कुछ समय से पानी की कमी से जूझ रहा है तो हो सकता है कि आपको उसकी ग्रोथ में बहुत अधिक फर्क नजर न आए, लेकिन जब लंबे समय तक पौधे को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलता तो उसकी ग्रोथ प्रभावित होने लगती है।
मिट्टी का सूखना
यह सबसे स्पष्ट संकेत है, जो इस बात की ओर इशारा करता है कि आपके पौधे को जरूरत से कम पानी मिल रहा है, जिसके कारण पौधे जल्द ही मुरझाने लगेंगे और मर जाएंगे। अगर आपको पौधे की ऊपरी मिट्टी छूने में थोड़ी सूखी लगे तो उसे तुरंत ही पानी दें। इसके बाद आप पौधे को दोबारा पानी देने के लिए तब तक प्रतीक्षा करें जब तक कि ऊपरी मिट्टी फिर से थोड़ी सूख न जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *