महिला शिक्षक संघ कार्यसमिति की बैठक संपन्न

झांसी।

लखनऊ के सदर तहसील अटल कक्ष में महिला शिक्षक संघ की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना मौर्या के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुई। जिसमें समस्त जनपदों से आये पदाधिकारियों की मौखिक व लिखित रूप से दी गयी समस्याओं की जानकारी पर निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
सदर तहसील के सभागार में आयोजित कार्यसमिति की बैठक में 22 जनपद एवं मंडल कमेटी के पदाधिकारियों सहित बेसिक शिक्षा परिषद के विभिन्न महिला शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना मौर्या ने समस्त पदाधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में महिला शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि महिला शिक्षकों से सम्बन्धित समस्याएं जैसे चाईल्डकेयर लीव, एरियर भुगतान, प्रसूति अवकाश, चयन वेतनमान आदि जो भी समस्याएं हैं उनको प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाये। उन्होनें कहा कि समस्त जनपदों से प्राप्त समस्याओं को समायोजित कर आगामी दिनों में शासन के उच्च अधिकारियों के साथ होने वाली वार्ता में शामिल किया जायेगा। झांसी जिलाध्यक्ष प्रतिमा कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ में आयोजित हुई कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा महिला शिक्षकों के हित में विभिन्न महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर निर्देश दिये गये हैं। जिस पर अमल करते हुए समस्त जिलाध्यक्षों का दायित्व है कि वह महिला शिक्षकों से सम्बन्धित समस्याओं का निराकरण शीघ्रता से करायें। झांसी जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनपद की महिला शिक्षकों से सम्पर्क कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जा रही है। जनपद की महिला शिक्षकों की जो भी समस्याओं निकलकर सामने आयेंगी उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जनपद के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखकर उनका निराकरण कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *