महंगाई के खिलाफ बैलगाड़ी रैली निकाल कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

विकासनगर

कांग्रेस ने महंगाई, पेट्रो पदार्थों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ रामपुर से सहसपुर तक बैलगाड़ी रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनता का विकास तो नहीं किया लेकिन विनाश के कगार पर पहुंचा दिया है। कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश से लेकर देश में बुरी तरह से फेल रही है। बढ़ती महंगाई के कारण जनता के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया है।
रविवार को कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री आकिल अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में बैलगाड़ी रैली निकाली। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सहसपुर स्थित लक्ष्मीपुर पेट्रोल पंप से रैली निकाली और बैलगाड़ी में सवार होकर महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदेश महामंत्री आकिल अहमद ने कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी तब डीजल का मूल्य 54 रुपये और पेट्रोल 65 रुपये प्रति लीटर था। लेकिन आज पेट्रोल एक सौ पांच रुपये, डीजल सौ रुपये, रसोई गैस सिलेंडर नौ सौ चालीस रुपये का मिल रहा है। खाद्य तेल दो सौ बीस रुपये किलो तक पहुंच गया है। कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण टमाटर अस्सी रुपये, शिमला मिर्च, मटर एक सौ बीस रुपये प्रति किलो तक पहुंच गये हैं। अन्य सब्जियां पचास रुपये किलो से कम नहीं हैं। कहा कि महंगाई के कारण जनता की कमर टूट चुकी है। अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली सरकार ने जनता के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंक सबक सिखायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *