मारपीट मामले में चार पर केस
रुडकी
रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने चार लोगों के खिलाफ गाली गलौज करने, मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर साबतवाली निवासी दीपक चौधरी ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि गांव भक्तोवाली निवासी अजीत के साथ किसी मामले को लेकर कहासुनी हो गई थी 15 अक्तूबर को शाम के समय वह और उसका भाई मोहित मोटरसाइकिल से बिजली घर के रास्ते से अपने गांव साबतवाली जा रहे थे। उसी समय रास्ते में पुरानी रंजिश रखते हुए अजीत अपने साथी अजय,सौरभ तथा अन्य साथियों सहित लाठी-डंडे तथा चाकू दिखाते हुए रोक लिया और गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। मारपीट में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर मार्ग से जाने वाले राहगीरों ने उक्त लोगों से जान बचाई। आरोपियों ने जाते-जाते भाई को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस को उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। थाना अध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की तहरीर के आधार पर अजीत, अजय, सौरभ निवासी भक्तोवाली तथा एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
