डेंगू के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत
रुड़की
क्षेत्र के गांवों में वायरल का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिससे लोगों में दहशत है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी गांव-गांव पहुंचकर शिविर लगाकर लोगों की जांच में जुटी है। कस्बा वह आसपास के मानकमजरा, अकबरपुर कालसो, डाडा जलालपुर समेत कई गांव में वायरल का प्रकोप होने से लोगों में दहशत बनी हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी प्रतिदिन वायरल के पीड़ित लोगों की तादाद बढ़ती जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. विक्रांत सिरोही ने बताया कि इन दिनों डेंगू का प्रकोप चल रहा है। लोगों को इसे लेकर सावधानी बरतनी होगी। साथ ही उन्होंने लोगों को वायरल से बचाव के टिप्स भी दिए। बताया कि अपने आसपास पानी इकट्ठा न होने दें, बाजार से खुली खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। साथ ही पूरे कपड़े पहनें। इसके बाद भी अगर किसी व्यक्ति को सिर दर्द या अन्य कोई दिक्कत आती है तो तुरंत चिकित्सक की सलाह लें। उन्होंने बताया कि कुंजा बहादुरपुर में कैंप लगाया गया था। इसके अलावा डाडा जलालपुर भी कैंप लगाकर लोगों के चेकअप किए जा रहे हैं।
