कोरोना से मुक्त हुआ अरुणाचल प्रदेश, एक भी एक्टिव केस नहीं, रिकवरी दर 99 फीसदी
ईटानगर……..
देश का पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश कोरोना से मुक्त हो गया है। सूबे में कोरोना का फिलहाल कोई भी एक्टिव केस नहीं है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के तीन एक्टिव केस थे और सभी के उबरने के बाद आंकड़ा जीरो हो गया है। राज्य में कोरोना के कुल 16,836 केस दर्ज किए गए थे, जिनमें से 16,780 लोग रिकवर हो चुके हैं।
स्टेट सर्विलांस ऑफिसर लोबसांग जांपा ने कहा कि बीते करीब 24 घंटे में कोई नया केस सामने नहीं आया है। राज्य में कोरोना के संक्रमण से अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है। अरुणाचल प्रदेश का कोरोना से रिकवरी रेट 99.66 फीसदी रहा है। इसके अलावा पॉजिटिविटी रेट जीरो हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक कोरोना के 4,05,647 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 312 सैंपल शनिवार को लिए गए। हालांकि इनमें कोई भी पॉजिटिव नहीं पाया गया।
राज्य में कोरोना वैक्सीनेशन का काम भी तेजी से चल रहा है। अब तक राज्य में 32,325 हेल्थ और फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण किया जा चुका है। सूबे में स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सप्ताह में चार दिन टीकाकरण किया जा रहा है। सोमवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार के दिन टीकाकरण के लिए तय किए गए हैं।
