एफसी गोवा ने दिल्ली एफसी को 5-1 से हरा कर डुरंड कप के सेमीफाइनल में

कोलकाता  ।

कोरोना संक्रमण के मामले के बाद अनिश्चितता के बीच एफसी गोवा ने दिल्ली एफसी के खिलाफ 5-1 की शानदार जीत के साथ 130वें डूरंड कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच के शुरुआती 10 मिनट को छोड़कर कोच जुआन फेरांडो की टीम एफसी गोवा पूरे मैच में प्रभावी रही। सभी खिलाडिय़ों ने आक्रामक फुटबॉल खेला और विरोधियों को धूल चटाई। डूरंड कप में गोवा के शीर्ष स्कोरर देवेंद्र मुर्गोकर और मोहम्मद नेमिल के साथ-साथ ब्रैंडन फर्नांडीस के सीजन के पहले गोल की बदौलत एफसी गोवा ने पहले हाफ अपने नाम किया। मुर्गोकर, नेमिल और फर्नांडीस ने क्रमश: 16वें, 19वें और 45वें मिनट में गोल किया।
इस बीच दूसरे हाफ में सब्सीट्यूट खिलाड़ी निखिल मली के एक गोल ने दिल्ली एफसी को उम्मीद दिखाई। उन्होंने 83वें मिनट में गोल दाग कर टीम का खाता खोला, हालांकि एफसी गोवा ने तुरंत वापसी की। युवा फुटबॉलर लिएंडर डी कुन्हा ने टीम के लिए 85वें मिनट में एक गोल दागा। इसके बाद विंगर अलेक्जेंडर रोमारियो जेसुराज ने मैच के निर्धारित 90 मिनट पूरे होने के बाद मिले दो मिनट के अतिरिक्त समय में पांचवां गोल करके शानदार तरीके से मैच खत्म किया। दिल्ली एफसी केवल मैच के पहले 10 मिनट में आक्रामक दिखा और इस दौरान उसने गोल का मौका बनाया, लेकिन एफसी गोवा के गोलकीपर धीरज सिंह ने शानदार बचाव किया।
जुआन फेरांडो की टीम एफसी गोवा अब सेमीफाइनल मुकाबले में कल यहां बेंगलुरु एफसी और आर्मी ग्रीन के बीच होने चर्टरफाइनल मुकाबले के विजेता से भिड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *