लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-पानी में जगह-जगह गिरे पेड़-खंभे, बिजली का संकट गहराया

लखनऊ।
यूपी के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस वक्‍त लखनऊ समेत कई जिलों में जमकर बारिश हो रही है। आंधी-पानी में जगह-जगह पेड़ और खंभे गिर गए हैं। इसके चलते लखनऊ के कई क्षेत्रों में बिजली गुल है। कुछ इलाकों में पिछले सात-आठ से लेकर 36 घंटे तक से बिजली नहीं आई है। इसे लेकर लोगों को आज सुबह दिनचर्या निपटाने में काफी दिक्‍कत आई। कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए अपना गुस्‍सा जाहिर किया।
लगातार बारिश की वजह से मोहल्‍लों और कालोनियों की सड़कों पर पानी भर गया है। जगह-जगह पेड़ गिरने से सड़क यातायात भी प्रभावित हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार इस वक्‍त उत्‍तर प्रदेश के पूर्वी, पश्चिमी और मध्‍य क्षेत्र के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। लखनऊ में एक दिन पहले से ही मौसम बदला हुआ है। कल पूरे दिन बादल छाये रहे और तेज हवाएं चलीं। देर रात शुरू हुई बारिश अभी तक लगातार जारी है। लखनऊ के अलावा गोरखपुर, सुल्‍तानपुर, अयोध्‍या और बाराबंकी सहित कई अन्‍य जिलों में बारिश हो रही है। अगले दो-तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की सम्‍भावना है। आगरा, कन्‍नौज, मैनपुरी, फिरोजाबाद में भी बूंदाबांदी हो रही है।
30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार 16 सितम्बर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। राज्य में 17 व 18 सितम्बर को कहीं हल्की से सामान्य तो कहीं बौछारें पड़ने के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए करीब 30 जिलों में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें लखनऊ, गाजियाबाद, बाराबंकी, सुल्तानपुर, मथुरा, सीतापुर, अयोध्या, मुरादाबाद, शामली, वाराणसी, संभल, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, प्रयागराज, बागपत, हापुड़, मेरठ, शाहजहांपुर, हमीरपुर, बलिया, जालौन, इटावा, ललितपुर, फर्रुखाबाद व औरैया शामिल हैंकहां हुई कितनी बारिशबीते 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वांचल में कई स्थानों पर और पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर हल्की से सामान्य बारिश हुई। पूर्वांचल में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हुई। इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक छह सेंटीमीटर बारिश चित्रकूट के कर्बी में दर्ज में की गई। इसके अलावा रायबरेली में चार, सुल्तानपुर के लम्भुआ, प्रतापगढ़ के पट्टी, कुण्डा, प्रयागराज में तीन-तीन सेंटीमीटर बारिश हुई।अमेठी के फुर्सतगंज, प्रयागराज के सोरांव, खीरी के निघासन, प्रतापगढ़ के लालगंज व रानीगंज, बांदा के बबेरू, झांसी के चिल्लाघाट, शाहजहांपुर के पुवायां, बुलंदशहर के सिकंदराबाद, जालौन के कोंच, बदायूं के डाल्टनगंज, प्रयागराज के करछना, अमेठी के मुसाफिरखाना में दो-दो सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई
भारी बारिश के बावजूद नगर आयुक्त निकले निरीक्षण पर
 एक तरफ लगातार हो रही भारी बारिश से लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, वहीं नगर आयुक्त अजय द्विवेदी शहर का हाल लेने निकल पड़े। उन्होंने गोमती बैराज सहित कई स्थलों का निरीक्षण किया। उधर, रात भर बारिश के कारण शहर के कई क्षेत्रों में जल भराव हो गया है। इसके दृष्टिगत सभी 48 बाढ़ पम्पिंग स्टेशन अपनी पूरी क्षमता पर चल रहे हैं। कुकरैल में बेकफ़्लो होने के चलते सिंचाई विभाग से समन्वय करके गोमती बराज का गेट खुलवा दिया गया है ताकि तत्काल जल निकासी हो जाये। जल भराव के स्थलों पर अस्थायी पम्पिंग, पम्पसेट लगाकर किया जा रहा है। नगर आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों, जलकल विभाग के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में भ्रमणशील होकर निरीक्षण किया जा रहा है एवं जल निकासी का प्रबंधन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *