मोटेरा स्टेडियम में स्पिनरों ने बनाया रिकार्ड
अहमदाबाद……
यहां गुलाबी गेंद से भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में पहले दो दिनों में ही कुल 20 विकेट गिरे हैं और इनमें से 18 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं। यह 16वां दिन-रात्रि टेस्ट हैं जिसमें पहली बार किसी मैच की पहली दो पारी में ही 12 से अधिक विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं। इस प्रकार मोटेरा स्टेडियम में एक नया रिकॉर्ड बना है।
मैच के पहले दिन बुधवार को इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 112 रन बनाकर आउट हो गई थी. इंग्लैंड के 10 में से 9 विकेट भारतीय स्पिनरों ने लिए। बाएं हाथ के स्पिनर्स अक्षर पटेल ने छह जबकि ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने तीन विकेट लिए। एक विकेट तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को मिला था। इसके बाद मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया पहली पारी में 145 रन बनाकर आउट हो गई। इस प्रकार 9 विकेट इंग्लैड के स्पिनरों ने लिए। बाएं हाथ के स्पिनर जैक लीच ने चार जबकि कप्तान जो रूट ने पांच विकेट लिए। दिन-रात्रि टेस्ट में इसके पहले पहली दो पारी में सबसे ज्यादा 12 विकेट गिरे थे। अक्टूबर 2017 में दुबई में पाकिस्तान और श्रीलंका के मैच में ऐसा हुआ था. इसके अलावा अक्टूबर 2017 में दुबई में ही पाक और विंडीज के मैच में 10 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए थे।
