रूट-लीच ने भारत को समेटा
नई दिल्ली………
इंग्लैंड के स्पिनर जैक लीच और कप्तान जो रुट ने शानदार गेंदबाजी कर भारतीय टीम को तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच की पहली पारी में 145 रनों पर ही समेट दिया। बाएं हाथ के स्पिनर जैक लीच ने चार जबकि कप्तान जो रूट ने पांच विकेट लिए। इन दोनो ने ही भारतीय टीम को बड़ी बढ़त लेने से रोक दिया। इंग्लैंड ने पहली पारी में 112 रन बनाए थे। इस प्रकार भारतीय टीम को पहली पारी के आधार पर केवल 33 रनों की ही बढ़त मिली है। मेहमान टीम की ओर से लीच ने चार जबकि कप्तान रूट ने पांच विकेट लिए। वहीं एक विकेट तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को मिला। भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा 66 रन सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने बनाए।
इससे पहले सुबह भारतीय टीम ने तीन विकेट पर 99 रन से आगे खेलना शुरू किया पर टर्न लेती पिच पर उसके बल्लेबाज मेहमान टीम के स्पिनरों लीच और रुट के सामने टिक नहीं पाये। भारतीय टीम ने सात विकेट 46 रनों के अंदर ही खो दिये। रोहित के अलावा विराट कोहली 27 , रविचंद्रन अश्विन 17 और शुभमन गिल 11 और इशांत शर्मा नाबाद 10 ही दो अंकों तक पहुंच पाये। मोटेरा में गुलाबी गेंद से जारी इस मैच में स्पिनर पूरी तरह हावी रहे हैं और यह पहली बार है जब किसी मैच की पहली दो पारी में 14 से अधिक विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं।
