निकाय कर्मचारियों का नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन
विकासनगर।
सामुहिक जीवन बीमा की सुविधा सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निकाय कर्मचारी महासंघ के कर्मचारियों ने पालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द मांगों के निस्तारण की मांग की। सोमवार से निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले पालिका कार्यालय पर काली फीती बांधकर धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी दूसरे दिन भी आंदोलन पर डटे रहे। महामंत्री प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। कर्मचारियों ने सरकार पर अपनी अनदेखी का आरोप लगाते हुए आक्रोश भी जताया। कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन के माध्यम से निकाय कर्मियों को राज्य कर्मियों की भांति सामूहिक बीमा योजना का लाभ दिलाने, सफाई निरीक्षक और राजस्व निरीक्षक की पदोन्नति, राज्य कर्मियों की भांति आवास और किराया भत्ता, ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान, राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजना का लाभ दिलाने, ठेका प्रथा समाप्त कर संविदा, आउट सोर्सिंग और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को नियमित नियुक्ति देने आदि मांगों पर सरकार का ध्यान खींचा। महामंत्री प्रदीप कुमार ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगों का निस्तारण नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही, आंदोलन को उग्र रूप भी दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में नवनीत गुप्ता, जगदीश लाल, शिव कुमार, विनोद डिमरी, मोहित, स्मिता, दीपा, विनोद चौहान, अशोक, रविंद्र आदि शामिल रहे।
