शिक्षक दिवस: कर्मठता का ईनाम, 150 गुरूओं का सम्मान

फतेहपुर।

सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर रविवार सम्मान की बेला जगह-जगह पर सजी। शिक्षण संस्थाओं में गुरूजनों को सम्मानित किया गया तो प्रशासन के मंच पर भी इनकी कर्मठता का इस्तकबाल किया गया। विकास भवन के सभागार में बेसिक व माध्यमिक शिक्षा से जुड़े 150 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कई शिक्षकों ने लाकडाउन अवधि में अपने स्तर से प्रयासों को रखा जिन्हें नजीर भी माना गया।
विकास भवन के सभागार में प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी व कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी की मौजूदगी में बेसिक शिक्षा विभाग के 75 व माध्यमिक शिक्षा विभाग के इतने ही गुरूजनों को बुलाया गया था। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री ने किसी भी समाज की तरक्की के लिए शिक्षा को पहला हथियार बताया। कारागार राज्यमंत्री ने भी तालीम को सफलता का आईना बताया। सदर विधायक विक्रम सिंह व खागा विधायक कृष्णा पासवान ने लाकडाउन अवधि में आनलाइन शिक्षा को लेकर किए गए प्रयासों की सराहना की। डीएम अपूर्वा दुबे ने सम्मानित होने वाले गुरूजनों को औरों के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया। इस मौके पर सीडीओ सत्य प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *