हिमाचल के स्वास्थ्य कर्मियों और टीकाकरण कराने वाले लोगों से आज बात करेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 सितंबर को सुबह 11 बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मियों और कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण की पहली खुराक सभी पात्र लोगों को सफलतापूर्वक दे दी गई है। राज्य का कठिन इलाकों पर ध्यान केंद्रित करने के प्रयास के अंतर्गत भौगोलिक प्राथमिकता, जन जागरूकता सुनिश्चित करने के लिए पहल और आशा वर्कर्स द्वारा घर-घर का दौरा शामिल है।
राज्य सरकार ने महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, औद्योगिक श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों आदि पर विशेष ध्यान दिया और इस मील के पत्थर को प्राप्त करने के लिए सुरक्षा की युक्ति – कोरोना से मुक्ति जैसे विशेष अभियान चलाए हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश भारत का पहला राज्य बन गया है, जिसने अपनी 100 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक दी है।
इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने 29 अगस्त को कहा था कि 100 फीसदी आबादी को दूसरी खुराक 30 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
भारत की आधी से अधिक वयस्क आबादी को कोविड-19 वैक्सीन की कम से कम एक खुराक मिली है और 16 प्रतिशत ने दोनों खुराक प्राप्त कर ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश भर में दी गई खुराक की संचयी संख्या 67 करोड़ से अधिक हो गई है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन दी जाने वाली वैक्सीन की खुराक मई में 19.69 लाख से बढ़कर जून में 39.89 लाख और जुलाई में 43.41 लाख हो गई है।
सिक्किम में 36 प्रतिशत पात्र आबादी को दूसरी खुराक दी गई है, जबकि दादरा और नगर हवेली में यह 18 प्रतिशत और हिमाचल प्रदेश में 32 प्रतिशत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *