एनसीईआरटी की पुस्तकों से पहले पढ़ेंगे पांचवीं तक के बच्चे

 

उन्नाव……….

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पुस्तकों से शैक्षणिक सत्र 2022 में एक से पांचवीं तक की कक्षाओं के बच्चे पढ़ेंगे। इसके लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने नए पाठ्यक्रम को लेकर शिक्षकों के प्रशिक्षण को लेकर निर्देश जारी किया है। जिले में 2305 विद्यालयों से एक-एक अनुभवी शिक्षक चयनित किया जाएगा। पहले चरण के प्रशिक्षण को लेकर 17 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। 31 मार्च 2021 तक प्रशिक्षण का कार्य पूर्ण कराया जाना है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य प्रेम प्रकाश मौर्या ने बताया कि एनसीईआरटी की पुस्तकों की उपलब्धता के साथ ही प्राइमरी स्कूलों के अनुभवी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाना है। यह प्रशिक्षण जल्द शुरू होगा। इसके लिए खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएंगे कि वह अपने ब्लाकों में संचालित विद्यालयों में उत्कृष्ट व अनुभवी शिक्षकों की सूची मुहैया कराए। इसके बाद शासन की मंशा के तहत प्रशिक्षण की कवायद संस्थान में शुरू कराई जाएगी। एनसीईआरटी के अनुसार पहले चरण में पांचवीं तक के बच्चों को इस नए पाठ्यक्रम से जोड़ा जाना है। इसके बाद जूनियर कक्षाओं के बच्चों को लेकर होमवर्क शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण को लेकर बजट आवंटन कर दिया गया है। जल्द शिक्षकों के प्रशिक्षण को लेकर होमवर्क शुरू कराया जाएगा। प्राइमरी में अभी सर्व शिक्षा अभियान के तहत अलग-अलग प्रकाशक की पुस्तक पढ़ी जाती है। जूनियर कक्षाओं में भी सर्व शिक्षा अभियान के तहत ही पुस्तक बच्चे पढ़ते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *